संस्कृते नवाचारा: | Innovations in Sanskrit

संस्कृत भाषा में डिजिटल माध्यम से किए जा रहे अभिनव प्रयोगों ने निश्चित रूप से संस्कृत भाषा को व्यापक जनमानस तक पहुँचाया है। निश्चय ही वर्तमान युग संस्कृत भाषा के लिए एक वरदान के रूप में है। आज संस्कृत भाषा में हम अनेकों वेबसाइट्स, एप्लीकेशन्स, औपचारिक एवं अनौपचारिक पाठ्यक्रम, संस्कृत सम्भाषण शिविर, संस्कृत कार्यशाला, संस्कृत संवाद और संस्कृत परिचर्चा, डिजिटल माध्यम से संस्कृत पुस्तकों की उपलब्धता, संस्कृत शिक्षण से सम्बद्ध अनेक प्रकार की दृश्य-श्रव्य सामग्री जैसे अनेकानेक उपायों और विकल्पों को सरलता और सहजता से पा सकते हैं। ये अभिनव प्रयोग और नवाचार संस्कृत भाषा को जहाँ वर्तमान आवश्यकता के अनुरूप ढालने में मदद कर रहे हैं, वहीं संस्कृत के क्षेत्र का विस्तार करने में भी सहायक हो रहे हैं।

अतः संस्कृत भाषा में हो रहे अभिनव प्रयोगों एवं नवाचार को एक गति देने की आवश्यकता है और यह गति निश्चित रूप से संस्कृत भाषा को लोकभाषा एवं जनमानस के हृदय की भाषा बनाने में सक्षम है। अतः हमारा यह प्रयास होना चाहिए कि हम इन अभिनव प्रयोगों और नवाचारों से स्वयं परिचित होकर दूसरों तक इन्हें पहुँचाने के सशक्त माध्यम बनें।